वेनेजुएला में अगले पांच वर्षों में तेल और गैस क्षेत्र में 76 अरब डॉलर निवेश की संभावना :कार्यवाहक राष्ट्रपति

मेक्सिको सिटी,18 अक्टूबर (स्पुतनिक/वार्ता) वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि हाल ही में हुए समझौतों के तहत देश में अगले पांच वर्षों में तेल और गैस क्षेत्र में लगभग 76 अरब डॉलर निवेश की उम्मीद है। इन समझौतों में अमेरिका के साथ हुआ एक द्विपक्षीय समझौता भी शामिल है, जिसके तहत 250 ड्रिलिंग रिग का संचालन किया जाएगा।
वेनेजुएला के ज़ुलिया राज्य में आयोजित ऊर्जा, तेल और गैस सम्मेलन के समापन पर सुश्री रोड्रिगेज ने कहा, “हम पांच वर्षों में कुल लगभग 76 अरब डॉलर के निवेश की बात कर रहे हैं।”
सुश्री रोड्रिगेज के अनुसार, वेनेजुएला ने तेल और गैस क्षेत्र में पहले ही 61 समझौतों पर हस्ताक्षर कर लिए हैं, जबकि 44 अन्य समझौतों पर अभी बातचीत चल रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन अनुबंधों में घरेलू पूंजी और वेनेजुएला के श्रमिकों की भागीदारी के प्रावधान शामिल हैं।

सुश्री रोड्रिगेज ने विशेष रूप से अमेरिका के साथ हुए द्विपक्षीय समझौते का जिक्र किया, जिसमें 250 ड्रिलिंग रिग का संचालन शामिल है। प्रत्येक रिग के लिए लगभग 200 श्रमिकों को काम पर रखने की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा, “अगर हम इसमें शामिल सभी क्षेत्रों (जैसे मेटलवर्किंग, परिवहन और लॉजिस्टिक्स, खाद्य सेवाएं, हॉस्पिटैलिटी, उपकरण लीजिंग, पेशेवर सेवाएं और सुरक्षा) को देखें, तो इन समझौतों की बदौलत राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था का लगभग हर क्षेत्र पुनर्जीवित और सक्रिय हो जाएगा।”
सुश्री रोड्रिगेज ने कहा कि इन समझौतों से आने वाले वर्षों में वेनेजुएला में 3,24,000 रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिनमें प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष और प्रेरित रोजगार शामिल हैं। विदेशी निवेशकों के साथ हुए इन समझौतों में सहयोग के कई रूप शामिल हैं, जिनमें संयुक्त उद्यम, तेल और गैस क्षेत्र में उत्पादन भागीदारी अनुबंध, और तकनीकी-वित्तीय गठबंधन शामिल है।
सुश्री रोड्रिगेज ने बताया कि ज़ुलिया क्षेत्र में तेल उत्पादन 70,000 बैरल प्रतिदिन से बढ़कर 3,70,000 बैरल प्रतिदिन हो गया है। ज़ुलिया इस साल के अंत तक 4,00,000 बैरल प्रतिदिन के उत्पादन स्तर तक पहुंच जाएगा। यदि उत्पादन में वृद्धि जारी रहती है, तो अगले साल तक यह क्षेत्र तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) का उत्पादक भी बन सकता है।

.....

Next Post

अशोकनगर में डांडिया की धूम, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शेयर किया वीडियो

Sun Oct 18 , 2026
अशोकनगर। डांडिया की धूम देखने को मिली। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो साझा किया। उन्होंने पोस्ट में ‘जय मां अम्बे’ लिखते हुए अशोकनगर में अपने प्यारे भाई-बहनों के साथ डांडिया का जिक्र किया। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like