परविंदर झोटा की हत्या पर पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा गृह मंत्रालय : शाह

नयी दिल्ली 16 अक्टूबर (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या पर राज्य की सत्तारूढ आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा है कि गृह मंत्रालय इस घटना पर राज्य सरकार से जवाब मांगेगा।
श्री शाह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट में पंजाब में नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार और अपराधियों को मिलने वाले किसी भी राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा ,” पंजाब आज नशे, गैंगस्टरवाद व संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है। भगवंत मान सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर पंजाब की जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? ”
पंजाब में दिरबा में अपने बेटे के नशे से जुड़े मामले में आवाज उठाने के बाद राजनेताओं के दबाव में एक पिता के जहर खा लेने तथा परविंदर झोटा की हत्या के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ” दिरबा में एक पिता का दबाव में जहर खा लेना और मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परविंदर के पिता ने आम आदमी पार्टी सरकार और उनके विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गृह मंत्रालय भी इन दोनों घटनाओं पर पंजाब सरकार से जवाब माँगेगा।” श्री शाह ने कहा कि पंजाब में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, संगठित अपराध का खतरा बढ़ रहा है और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा ,” भगवंत मान जी, पंजाब की जनता को प्रचार नहीं, जवाब, घोषणाएँ नहीं, परिणाम, नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार और अपराधियों को मिलने वाले किसी भी राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जाँच चाहिए।”
पंजाब में सरकार बनने के बाद राज्य को नशामुक्त करने का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने कहा , ” मैं आज पंजाब की जनता के सामने अपना संकल्प दोहराता हूँ कि पंजाब में हमारी सरकार बनने पर हम नशामुक्त, गैंगस्टरमुक्त और सुरक्षित पंजाब बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है – नशे के कारोबार पर प्रहार, युवाओं के भविष्य की रक्षा, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और कानून का ऐसा राज, जिसमें कोई भी नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर न हो।”

.....

Next Post

OBC आरक्षण की मांग पर सड़क पर उतरे सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

Fri Oct 16 , 2026
भोपाल। OBC आरक्षण के मुद्दे पर सियासी संग्राम! 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्टी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन की अगुवाई दामोदर यादव ने की। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि OBC अभ्यर्थियों […]

You May Like

Play sound