ऊर्जा विहार में भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा नवरात्रि महोत्सव

ओंकारेश्वर: पावर स्टेशन, एनएचडीसी लिमिटेड के ऊर्जा विहार परिसर में नवचेतना सांस्कृतिक समिति द्वारा शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिदिन पूजा-अर्चना तथा प्रातःकालीन एवं संध्याकालीन आरती के माध्यम से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो रहा है।

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर ओंकारेश्वर पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख श्री डी.के. द्विवेदी एवं लेडीज क्लब अध्यक्षा श्रीमती अंजना द्विवेदी ने मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित कार्मिकों को नवरात्रि पर्व के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि नवरात्रि शक्ति, भक्ति, सकारात्मकता और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। यह पर्व हमें बुराई पर अच्छाई की विजय, सद्भावना तथा सामाजिक एकता का संदेश देता है।

नवचेतना सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों की भी आकर्षक श्रृंखला तैयार की गई है। दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को मां दुर्गा की स्थापना एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। वहीं, 12 अक्टूबर को रंगारंग गरबा कार्यक्रम के साथ परियोजना परिवार के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
13 अक्टूबर को तंबोला कार्यक्रम तथा मूक-बधिर बच्चों द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह का ध्यान आकर्षित किया। इसी क्रम में 14 अक्टूबर को गुडलक, बड़वाह द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका उपस्थित दर्शकों ने आनंद लिया।

नौ दिवसीय महोत्सव के दौरान आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रम ऊर्जा विहार परिसर में उत्सव, उमंग और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहे हैं। विशेष बात यह है कि ओंकारेश्वर पावर स्टेशन के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन सपरिवार इन आयोजनों में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। बच्चों, महिलाओं एवं परिवारों की सक्रिय भागीदारी से महोत्सव की रौनक और बढ़ गई है। धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आपसी मेल-जोल, पारिवारिक सहभागिता और सामुदायिक सौहार्द को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (ओ एंड एम) श्री विनोद कुमार सिंह, महाप्रबंधक (सिविल) श्री संजय कुमार सहित पावर स्टेशन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित होकर महोत्सव की गरिमा बढ़ा रहे हैं। उक्त के अतिरिक्त दिनांक 14.10.2026 को गुडलक, बड़वाह द्वारा आयोजित कार्यक्रम में श्री पी. सत्यमूर्ति, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन), एनएचडीसी निगम मुख्यालय, भोपाल भी उपस्थित रहें।

नवचेतना सांस्कृतिक समिति के इस आयोजन ने ऊर्जा विहार परिसर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता का सुंदर वातावरण निर्मित किया है। मां दुर्गा की आराधना के साथ मनाया जा रहा यह महोत्सव परियोजना परिवार के सदस्यों को एक सूत्र में पिरोते हुए उत्साह, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दे रहा है।

Next Post

भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची की हत्या, खंडहर में मिला शव; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Fri Oct 16 , 2026
  भोपाल: राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में 12 साल की बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। बच्ची का शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक खंडहर में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। […]

You May Like

Play sound