सोनांचल बस स्टैण्ड नही शुरु हुआ तो शहर के अन्दर नही आयेंगी बसें: संघर्ष समिति

सीधी।सोनाचंल बस स्टैण्ड बचाओ – व्यापार बचाओ संघर्ष समिति ने आज शाम समिति के संरक्षक पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल के मार्गदर्शन एवं समिति अध्यक्ष सुनील चौधरी की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक में ऐलान कर दिया है कि सोनांचल बस स्टैण्ड शुरू नहीं हुआ तो शहर के अन्दर बसें नही आयेंगी।शहर के पटेल पुल स्थित सुंदर पैलेस में आज शाम पूर्व निर्धारित बैठक शुरू हुई। बैठक में उपस्थित व्यवसाईयों, गणमान्य नागरिकों ने अपने- अपने विचार रखते हुए सोनांचल बस स्टैंड के बंद करने पर चिंता जताई। उनका कहना था कि सोनांचल बस स्टैंड को फिर संचालित कराने के लिए सभी प्रयास होने चाहिए। पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल ने कहा कि सोनांचल बस स्टैंड का शुभारंभ 1991 में किया गया था और उस दौरान भरे मंच से इसके भवन की उपयोगिता 100 वर्ष होने की घोषणा की गई थी।

वर्तमान में भी सोनांचल बस स्टैंड का भवन काफी मजबूत है, फिर भी इसको व्यवसायिक लाभ के लिए ध्वस्त करने का मनमानी निर्णय लिया गया है। श्री शुक्ल ने कहा कि सोनांचल बस स्टैंड को बचाने की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से निभानी पड़ेगी। सभी लोग इसमें आगे आकर सहयोग करे। सोनाचंल बस स्टैण्ड बचाओ – व्यापार बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुनील चौधरी ने कहा कि प्रशासन को सोनांचल बस स्टैंड को संचालित कराने सार्थक पहल करनी चाहिए अन्यथा कालेज मार्ग एवं बाजार क्षेत्र से बसों की आवाजाही बंद कराई जायेगी। सोनांचल बस स्टैंड के बंद होने से प्रभावित व्यवसाईयों के लिए कम से कम 5 वाई 5 की दुकानें उपलब्ध कराई जाए जिससे वह अपने परिवार का भरण- पोषण कर सकें।

कलेक्टर से लेकर पीएम और राष्ट्रपति के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि 22 अक्टूबर को ज्ञापन सौंपा जायेगा। ज्ञापन कलेक्टर से लेकर पीएम और राष्ट्रपति के नाम सौंपा जाएगा । ज्ञापन में मांग की जायेगी कि सैकड़ों छोटे व्यवसाईयों की रोजी रोटी सुचारू रूप से चले इसके लिए सोनांचल बस स्टैंड का फिर से संचालन होना आवश्यक है।

 

बैठक में गणमान्य जनों सहित सैकड़ों व्यापारी हुये शामिल

पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, वरिष्ठ व्यापारी गोपाल प्रसाद गुप्ता, रोशन केसरवानी, आकाश सिंह चौहान,वीरेंद्र गुप्ता, अधिवक्ता संजय सोनी, श्रीकांत पाण्डेय,दयाशंकर वर्मा, सर्वजीत त्रिपाठी,अम्बुज सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में फुटपाथ एवं अन्य व्यापारी उपस्थित हुये।

इनका कहना है-

बाजार क्षेत्र में जाम लगता है तो प्रशासन को भारी संख्या में चल रहे आटो की नंबरिंग कर रूट निर्धारण करना चाहिए। सोनांचल बस स्टैंड बंद कर छोटे व्यवसाईयों की आजीविका छीनना उपाय नहीं है।

विक्रम सिंह चौहान , पूर्व नपा उपाध्यक्ष सीधी

सोनांचल बस स्टैंड बंद होने पर भी सरई एवं कुसमी मार्ग की बसें लालता चौक से गुजर रही हैं। ऐसे में समझ नही आता कि लालता चौक से पांच फलांग में स्थित सोनांचल बस स्टैंड में बसों के आने से क्या गंभीर समस्या थी।

रोशन केसरवानी, वरिष्ठ व्यापारी सीधी

Next Post

मकान- खेत उजडऩे के विरोध में किया भोपाल कूच

Thu Oct 15 , 2026
सीहोर; बुधनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोसमी में वन विकास निगम की कार्रवाई के विरोध में आदिवासियों का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है. मकान तोड़े जाने और खेतों को नुकसान पहुंचाने से नाराज सैकड़ों आदिवासियों ने न्याय की मांग को लेकर भोपाल तक पैदल पदयात्रा शुरू कर दी […]

You May Like

Play sound