त्योहारों की गरिमा बनी रहे, सुरक्षा को दें प्राथमिकता

जबलपुर: कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में नवरात्रि, दशहरा, दुर्गा प्रतिमा चल समारोह और प्रतिमा विसर्जन सहित आगामी त्योहारों की व्यवस्थाओं को लेकर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में चल समारोह के मार्गों, विद्युत सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, ध्वनि व्यवस्था, भंडारों,पटाखा दुकानों और प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि जबलपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं विशिष्ट हैं। त्योहारों की गरिमा और उत्साह बनाए रखने के साथ व्यवस्थाओं को सुरक्षित और व्यवस्थित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चल समारोह के मार्गों पर बिजली के अस्थायी कनेक्शन, पंडालों की विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने नगर निगम और विद्युत विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि समस्याओं के समाधान में देरी नहीं होनी चाहिए।

श्री घनघोरिया ने देर रात तक चलने वाले समारोहों में श्रद्धालुओं, महिलाओं और परिवारों की सुविधाओं का ध्यान रखने तथा डीजे संचालकों और आयोजन समितियों के साथ चर्चा कर ध्वनि संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। उन्होंने प्रतिमाओं के क्रम और समय प्रबंधन पर भी जोर दिया, ताकि अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने नवागत कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा का स्वागत करते हुए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही।कलेक्टर विश्वकर्मा ने कहा कि जबलपुर में त्योहारों को उत्साह और बेहतर समन्वय के साथ मनाने की परंपरा रही है। इस बार भी सभी त्योहार हर्षोल्लास से मनाए जाएं, लेकिन सुरक्षा और सावधानी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने आयोजन समितियों, पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय पर जोर दिया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कहा कि नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन सहित सभी विभाग आपसी समन्वय से त्योहारों की तैयारियों में जुटे हैं।

आयोजन समितियों से प्राप्त सुझावों पर भी विचार किया जा रहा है। ध्वनि संचालकों के साथ बैठक कर चर्चा की जाएगी, ताकि धार्मिक आयोजनों का उत्साह बना रहे और नियमों का उल्लंघन भी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी गतिविधि को नियमों के विरुद्ध संचालित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कहा कि नवरात्रि के बाद दशहरा, दुर्गा प्रतिमा चल समारोह और विसर्जन के दौरान साफ-सफाई, कचरा संग्रहण तथा विद्युत व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रतिमा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगरनिगम और विद्युत विभाग की टीमें मिलकर कार्य करेंगी। उन्होंने बताया कि पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से चल समारोह के मार्गों का निरीक्षण किया है। आवश्यकता के अनुसार व्यवस्थाओं में सुधार और मार्गों की निगरानी की जाएगी।

Next Post

तख्तापलट कर खुद को स्थापित करना चाहते हैं राहुल गांधी : भाजपा

Thu Oct 15 , 2026
नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन चला रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कुछ अन्य लोग खुद को स्थापित करने के लिए देश में तख्तापलट करना चाहते हैं और लोगों को इनसे सावधान रहने की जरूरत है। […]

You May Like

Play sound