मुंबई, 15 अक्टूबर (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया गुरुवार को 18 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.99 रुपये का बोला गया।
रुपया 18 पैसे मजबूत
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 19 पैसे की बढ़त के साथ 95.17 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपया आज 22 पैसे चढ़कर 94.94 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और कुछ ही देर में 94.86 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ। दोपहर के समय 95.11 रुपये प्रति डॉलर के दिवस के निचले स्तर को छूने के बाद यह 94.99 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल में नरमी और डॉलर सूचकांक में गिरावट से रुपया मजबूत हुआ है।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक आज 0.5 प्रतिशत टूट गया। वहीं कच्चे तेल का मानक लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट में 105 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया।
