
इंदौर:पूर्वी क्षेत्र में बायपास रोड पर शहर का पहला अंडर पास बन रहा है. उक्त अंडर पास का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है. अंडर पास एम आर 10 सड़क से सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग इंदौर-बैतूल सड़क पर जाने-आने में सहायक होगा. अंडर पास निर्माण में नगर निगम के कारण कार्य बाधित हो रहा है.शहर में बायपास पर दस्तूर डिलाईट गार्डन के सामने एनएचएआई 136 करोड़ की लागत से तीन लेयर फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण कर रहा है. इसके तहत एमआर-10 से इंदौर बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने के लिए अंडर पास का निर्माण किया जा रहा है.
उक्त अंडरपास शहर का पहला अंडर पास होगा. अंडर पास का निर्माण कार्य दिसंबर में पूरा होने की संभावना है. यह बात अलग है कि उक्त तीन लेयर ब्रिज का निर्माण करीब डेढ़ साल देरी से चल रहा है. अंडर पास निर्माण में नगर निगम की नर्मदा लाइन शिफ्टिंग को लेकर काम गति नहीं पकड़ पा रहा है. यही कारण है कि अंडर पास निर्माण कार्य बंद पड़ा है. नगर निगम नर्मदा लाइन के लिए शट डाउन नहीं ले रहा है, जिससे निर्माण कार्य बाधित है. उक्त अंडर पास के शुरू होने के बाद इंदौर-बैतूल- नागपुर जाने और शहर में आने के लिए हजारों वाहन चालकों को यातायात जाम से निजात मिल जाएगी. यही नहीं शहर से बाहर जाने और प्रवेश के दौरान यात्रा के समय भी बचत होगी.
लाइन शिफ्टिंग के कारण देरी
एनएचएआई के क्षेत्रीय संचालक प्रवीण यादव ने कहा कि नगर निगम लाइन शिफ्टिंग और जोड़ने के लिए शट डाउन नहीं ले रहा है. इस कारण देरी हो रही है. विभाग की कोशिश है कि दिसंबर में अंडर पास शुरू हो जाएगा.
