इंदौर:चंदननगर थाना क्षेत्र के राजनगर में विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर मारपीट करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.कुशवाह नगर में रहने वाले 23 वर्षीय उमाकांत राजोरिया ने पुलिस को बताया कि रविवार 11 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे राजेश गोयल और रवि सोलंकी ने उनसे आपस में चल रहे विवाद में दखल देने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी.
उमाकांत ने विरोध किया तो राजेश ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके बाएं हाथ में चोट लगने से खून निकलने लगा. वहीं, रवि ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की. थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
