ग्वालियर: शहर के रिहायशी इलाके में एक मकान से अलग-अलग ब्रांड की शराब का बड़ा जखीरा मिलने से अवैध मदिरा के संग्रहण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आबकारी विभाग की टीम ने लश्कर क्षेत्र के लाला का बाजार स्थित एक मकान पर दबिश देकर अंग्रेजी शराब, बीयर, वोदका और देशी मदिरा सहित कुल 92.07 बल्क लीटर शराब जब्त की है। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान मकान से शराब तो बरामद हुई, लेकिन जिस व्यक्ति के नाम पर मकान बताया गया, वह मौके पर नहीं मिला।
मुखबिर की सूचना पर खुला मामला
कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेश, आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विभागीय टीम ने यह कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम ने लाला का बाजार स्थित मकान की तलाशी ली। तलाशी में विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें, हाफ, बीयर के कैन और देशी मदिरा के पाव बरामद हुए। इतनी बड़ी मात्रा में अलग-अलग किस्म की मदिरा मिलने के बाद विभाग ने जब्ती की कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किया।
अंग्रेजी शराब के कई ब्रांड, बीयर और देशी मदिरा भी मिली
जब्त शराब में ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, आइकॉनोक व्हाइट, मैकडॉवेल्स नंबर-1 और बैकबेचर व्हिस्की की 12-12 बोतलें शामिल हैं। इसके अलावा बैगपाइपर व्हिस्की की छह, मैजिक मोमेंट्स वोदका की तीन और ऑल सीजन व्हिस्की की एक बोतल बरामद हुई। टीम को ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की के 24 हाफ और किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर के 24 कैन भी मिले। देशी मदिरा प्लेन के 59 पाव और मसाला के 15 पाव जब्त किए गए। विभाग के मुताबिक, जब्त मदिरा का कुल अनुमानित मूल्य लगभग एक लाख रुपये है।
मकान मालिक के विरुद्ध केस, जांच शुरू
विभागीय पड़ताल और आसपास पूछताछ में मकान रामचंद्र कुकरेजा का होना सामने आया। कार्रवाई के समय वह मौके पर मौजूद नहीं था। उसके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। शराब कहां से लाई गई थी और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था, इन पहलुओं पर जांच की स्थिति विभागीय विवेचना के बाद ही स्पष्ट होगी।
