इंदौर: सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद शादी का भरोसा देकर युवती को इंदौर बुलाने और होटल में दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. वहीं, एक अन्य मामले में किराना दुकान पर सामान लेने गई नाबालिग छात्रा से दुकानदार ने छेड़छाड़ की. दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.लसूड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक से करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए मुंबई की 25 वर्षीय युवती की दोस्ती हुई थी.
बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने मोबाइल नम्बर भी साझा किए. आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर 22 अगस्त को युवती को इंदौर बुलाया और एक होटल में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. युवती ने पुलिस को बताया कि सितंबर में आरोपी उससे मिलने मुंबई भी गया था. वहां शादी को लेकर बातचीत हुई, लेकिन इंदौर लौटने के बाद उसने पिछले करीब 15 दिनों से बातचीत बंद कर दी और मोबाइल नम्बर ब्लॉक कर दिया. इसके बाद युवती इंदौर पहुंची और लसूड़िया थाने में शिकायत की. पुलिस ने दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है.
किराना दुकानदार पर नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा के साथ किराना दुकान पर छेड़छाड़ का आरोप है. छात्रा अपनी भाभी के साथ दुकान पर सामान लेने गई थी. आरोप है कि दुकानदार ने उसे ‘आई लव यू’ लिखा पेन दिया और इसके बाद उसका हाथ दबाया. घटना से घबराई छात्रा घर पहुंची और भाभी को जानकारी दी. रात में मां के घर लौटने पर उसने उन्हें भी घटना बताई. इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे. पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
