इंदौर: गुरुवार को संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने एबी रोड का दौरा किया. इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सत्यसांई चौराहा फ्लाई ओवर और एलिवेटेड कारीडोर के निर्माण की समीक्षा की. साथ ही एबी रोड पर यातायात की स्थिति पर चर्चा की.गुरुवार सुबह संभागायुक्त भास्कर लक्षकार कलेक्टर शिवम वर्मा ने एबी रोड पर निर्माणाधीन सत्यसांई चौराहा फ्लाई ओवर ब्रिज का मौका निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने एमपीआरडीसी के गगन भाभर से ब्रिज निर्माण पूरा नहीं होने का कारण पूछा. भाभर ने बताया कि ट्रैफिक डायवर्शन का काम हो जाएं, तो निर्माण कार्य में तेजी आ जाएगी.
भाभर ने बताया कि दिसंबर तक सत्यसांई ब्रिज शुरू कर दिया जाएगा. इसके बाद दोनों अधिकारी ने एबी रोड पर एलआईजी चौराहा से पलासिया की तरफ पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माणाधीन एलिवेटेड कारीडोर का दौरा किया. दौरे के दौरान पीडब्ल्यूडी के ब्रिज प्रभारी जय कुमार मीणा से कमिश्नर ने कदम की गति धीमी होने का कारण पूछा ?मीणा ने खुदाई और अन्य प्रशासनिक कारण बताए. साथ ही उन्होंने कहा कि नवलखा में तीसरी जगह खुदाई और पीलर का काम शुरु किया जा रहा है. संभागायुक्त लक्षकार ने ब्रिज सेल प्रभारी और एमपीआईडीसी के भाभर को पुलिस विभाग से समन्वय कर यातायात डायवर्शन और मौके पर सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए. साथ ही निर्माण कार्य में गति बढ़ाने कहा है.
समस सीमा में पूरा करना लक्ष्य
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि एबी रोड पर मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना एलिवेटेड कारीडोर है. इसको समय सीमा में पूरा करने के लिए एबी रोड पर एलिवेटेड कारीडोर का एलआईजी चौराहा और शिवाजी वाटिका पर काम चल रहा है. नवलखा पर तीसरी जगह खुदाई करने के लिए साइट क्लियर हो गई है. कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना एलिवेटेड कारीडोर की हर हाल में समय पर पूरा करने का लक्ष्य तय है.
