1,600 उपग्रहों और 23 ग्राउंड स्टेशनों के साथ देश के कोने-कोने में पहुंचने की जियो की योजना

नयी दिल्ली, 08 अक्तूबर (वार्ता) दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो ने करीब 1,600 उपग्रहों और 23 ग्राउंड स्टेशनों के साथ देश के कोने-कोने में अपना नेटवर्क पहुंचाने की योजना बनाई है। कंपनी ने यहां यशोभूमि में चल रहे इंडिया मोबाइल कांग्रेस में इसकी घोषणा की। उसने बताया कि यह योजना अभी प्रस्ताव के चरण में है। इसका लक्ष्य उन इलाकों तक अपना नेटवर्क पहुंचाना है, जहां जमीनी नेटवर्क की पहुंच मुश्किल है। जियो ने इसे ‘सॉवरेन सैटेलाइट कनेक्टिविटी’ नाम दिया है। ये उपग्रह पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित किए जाएंगे। कंपनी का विजन डिजाइन, अभियांत्रिकी, एकीकरण और परीक्षण से लेकर परिचालन तक पूरी श्रृंखला पर नियंत्रण भारत में रखने का है।

जियो की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस योजना में 23 प्रस्तावित ग्राउंड स्टेशन अहम भूमिका निभाएंगे। ये स्टेशन उपग्रह नेटवर्क को देश की जमीन से जोड़ेंगे। साथ ही उपग्रह और जियो के मौजूदा जमीनी नेटवर्क को एक साथ जोड़ने की योजना है। कंपनी देश के छह लाख से अधिक गांवों तक पहुंच का विजन तैयार किया है। दूरदराज के गांव, द्वीपीय इलाके और सीमा पर बनी चौकियां इसके खास फोकस में हैं। इसके अलावा उद्योग, दूरस्थ स्थलों, विमानन, सामुद्रिकी, सरकार, रक्षा और आपदा प्रतिक्रिया में भी इसके इस्तेमाल की संभावना दिखाई गई है। ग्रामीण इलाकों के लिए ‘डायरेक्ट टू डिवाइस’ कॉलिंग का भी जिक्र है। इस बार इंडिया मोबाइल कांग्रेस की थीम ‘स्केल विदाउट बाउंड्रीज’ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इसके 10वें संस्करण का उद्घाटन किया।

.....

Next Post

ओंकारेश्वर में अतिक्रमण पर नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई

Thu Oct 8 , 2026
ओंकारेश्वर। नगर परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए वार्ड नंबर-1 और वार्ड नंबर-3 में कुल 26 मकानों को हटाया। नए बस स्टैंड से लगे वार्ड-1 में 22 और वार्ड-3 में 4 मकानों पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई से पहले संबंधित मकानों के बिजली कनेक्शन काटे गए, जिसके […]

You May Like