नयी दिल्ली, (वार्ता) सुरक्षित और भरोसेमंद संचार संपर्क, तकनीक और संचार समाधान उपलब्ध कराने वाली देश की अग्रणी कंपनी एयरटेल बिजनेस ने सोमवार को एयरटेल आईक्यू गेटवे पेश किया।
कंपनी ने बताया कि यह देश का पहला टेलीकॉम-ग्रेड नेटवर्क इंटेलिजेंस प्लेटफ़ॉर्म है। यह ग्राहकों से संवाद के विभिन्न माध्यमों को एक सुरक्षित नियंत्रण प्लेटफ़ॉर्म पर जोड़ता है।
एयरटेल आईक्यू गेटवे का विकल्प चुनने वाले उद्यमों को अलग-अलग सेवा प्रदाताओं का अलग-अलग प्रबंधन नहीं करना होगा। डीपीडीपी के अनुपालन के लिए तैयार यह यह प्लेटफ़ॉर्म एसएमएस, व्हाट्सऐप, आरसीएस, वॉइस कम्युनिकेशन और नंबर सत्यापन (साइलेंट ऑथेंटिकेशन) को एक ही स्थान पर एक साथ उपलब्ध कराता है। इससे उद्यम बड़े स्तर पर अपने व्यावसायिक संचार को आसानी से प्रबंधित कर सकेंगे। साथ ही ग्राहकों के भरोसे की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकेंगे और हर ग्राहक संवाद में सुरक्षा को बुनियादी प्राथमिकता बना सकेंगे।
कंपनी ने बताया कि आज व्यवसायों को अपने ग्राहकों तक पहुंचने के लिए कई सेवा प्रदाताओं और विभिन्न टूल्स में बटे हुए संचार माध्यम को प्रबंधन करना पड़ता है। संदेश वास्तव में पहुंच रहे हैं या नहीं, इसकी जानकारी भी सीमित होती है। कई बार संदेश वास्तव में विफल होने के बावजूद उन्हें सफलतापूर्वक पहुंचाया गया दिखाया जाता है। वहीं, बॉट्स द्वारा अंतरराष्ट्रीय ओटीपी पंपिंग किए जाने से बिल अनावश्यक रूप से बढ़ जाते हैं।
एयरटेल आईक्यू गेटवे सभी व्यावसायिक संचार के लिए एक ही नियंत्रण केंद्र उपलब्ध कराकर इस समस्या का समाधान करता है। यह एयरटेल की फ़्रॉड प्रोटेक्शन को मूल संदेश प्रारूप प्रणाली के साथ स्वचालित एकीकरण, वैकल्पिक सेवा प्रदाताओं पर स्वचालित रूप से स्विच करने और एसएमएस, व्हाट्सऐप, आरसीएस तथा वॉइस के बीच बुद्धिमत्तापूर्ण रूटिंग जैसी सुविधाओं के साथ एक ही मंच पर लाता है।
