रीवा:नगर निगम के वार्ड क्रमांक 44 स्थित मूक-बधिर विद्यालय में नव निर्मित हॉल का लोकार्पण सोमवार को महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा’ की उपस्थिति में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में विद्यालय की छात्रा ने फीता काटकर नवीन हॉल का शुभारंभ किया.महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा’ ने कहा कि मूक-बधिर विद्यालय समाज के लिए प्रेरणा के केंद्र हैं और नगर निगम इनके विकास एवं आवश्यक सुविधाओं के लिए सदैव प्रतिबद्ध है.
उन्होंने कहा कि संभाग का यह अनूठा संस्थान विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है, जिस पर पूरे शहर को गर्व है. नगर निगम इन विद्यालयों के रखरखाव, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा अन्य आवश्यक कार्यों में हर संभव सहयोग करता रहेगा. इसके साथ ही महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों को विद्यालयों के भवनों की मरम्मत एवं अन्य जीर्णोद्धार कार्यों का विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर शीघ्र निविदा प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए, मूक-बधिर विद्यालय में भी 58 लाख रुपये की लागत से नवीन हॉल का निर्माण कराया गया है. लोकार्पण में एमआईसी सदस्य धनेन्द्र सिंह, रवि तिवारी, श्रीमती अर्चना अमृतलाल मिश्रा, कार्यपालन यंत्री सिद्धार्थ सिंह, प्राचार्य उमा प्रसाद मिश्रा, अधीक्षक श्रीमती शिखा मिश्रा मौजूद रहीं.
