जबलपुर: जबलपुर और महाकौशल क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में जबलपुर संसदीय क्षेत्र के लोकसभा सांसद आशीष दुबे लगातार प्रयासरत हैं। जबलपुर से पुणे और अहमदाबाद के लिए सीधी विमान सेवा शुरू कराने को लेकर सांसद आशीष दुबे ने विभिन्न विमानन कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की है,इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू से भी भेंट कर इन दोनों महत्वपूर्ण शहरों के लिए जबलपुर से नियमित उड़ान शुरू किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
इस मौके पर सांसद ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश को बहुमुखी सौगात मिल रही हैं। जबलपुर को इसका लाभ सतत मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा। सांसद का मानना है कि जबलपुर और पूरे महाकौशल क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक, चिकित्सा एवं पर्यटन विकास के लिए बेहतर हवाई कनेक्टिविटी अत्यंत आवश्यक है। पुणे और अहमदाबाद देश के प्रमुख औद्योगिक एवं कारोबारी केंद्र हैं। इन शहरों से सीधा हवाई संपर्क बनने से जबलपुर के व्यापारियों, उद्योगपतियों, विद्यार्थियों, मरीजों और नौकरी-पेशा लोगों को बड़ी सुविधा मिल सकती है।
