मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व विधायक बाबू रघुवीर सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आकाशवाणी तिराहे पर पूर्व विधायक एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय बाबू रघुवीर सिंह की प्रतिमा का रिमोट का बटन दबाकर अनावरण किया। साथ ही स्व. श्री रघुवीर सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि प्रदान की । इस मौके पर केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर घोषणा की कि आकाशवाणी तिराहा अब स्वर्गीय बाबू रघुवीर सिंह तिराहा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में कहा कि मनुष्य की प्रत्येक श्वास की गिनती है। समय निरंतर गुजरता रहता है। हमें अपने जीवन में मिले समय का सदुपयोग कर समाज के उत्थान व जनकल्याण में अपनी सार्थक भूमिका निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी नागरिकों को हलधर बलराम जयंती एवं जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने स्व. बाबू रघुवीर सिंह का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी के मार्ग पर चलते हुए स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रमिक हों या किसान वर्ग, सभी के हितों और अधिकारों के लिए उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने जीवनभर समाज को स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज का दिन ग्वालियर के लिए एक अत्यंत भावुक क्षण भी है। स्वर्गीय रघुवीर सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर हम अपने गौरवशाली अतीत को स्मरण कर रहे हैं और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

*बाबूजी राजनेता कम, समाजसेवक अधिक थे : सिंधिया*

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ग्वालियर को असीम स्नेह और प्रेम मिला है। उन्होंने कहा मेरे लिए आज का दिन अत्यंत भावुक है, क्योंकि बाबूजी को मैंने बाल्यावस्था से देखा था। सिंधिया ने कहा कि बाबूजी का जीवन समाज और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा। वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के घर-घर जाकर उनके परिवारजनों की सेवा किया करते थे। स्वतंत्रता आंदोलन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

*बाबूजी ने श्रमिको के लिए जीवन भर संघर्ष किया : विधानसभा अध्यक्ष तोमर* 

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि स्वर्गीय बाबूजी एक सच्चे श्रमिक नेता थे और उनका पूरा जीवन श्रमिकों के हितों एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बीता। मुरार और थाटीपुर क्षेत्र के विकास के लिए हम दोनों ने कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। उनका संपूर्ण जीवन समाज के प्रति समर्पित रहा।

कार्यक्रम के प्रारंभ में स्व. रघुवीर सिंह बाबूजी के सुपुत्र रामसुंदर सिंह (रामू) ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री सिधिया एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह के विशेष सहयोग से ही बाबूजी की प्रतिमा का अनावरण हुआ है। कार्यक्रम में बाल खाण्डे ने स्व. रघुवीर सिंह बाबूजी के जीवन के बारे में जानकारी दी।

समारोह में यह रहे मौजूद 

प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, सांसदगण भारत सिंह कुशवाह, अशोक सिंह, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, विधायक प्रीतम लोधी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अशोक शर्मा, निशांत खरे मंचासीन थे।

Next Post

घायलो को देखने पहुंचे कमिश्नर कलेक्टर 

Wed Sep 2 , 2026
रीवा,  रीवा से सीधी के बीच गुढ से करीब 4 किलोमीटर आगे बस क्रमांक एमपी -19 P 1501 की बल्कर ट्रक में टक्कर होने से पांच लोगों की मृत्यु हो गई एवं 16 यात्री घायल है, जिनमें तीन यात्रियों की हालात गंभीर है। बस में सवार शेष 13 यात्री सामान्य […]

You May Like