सीएम ने किसानों को दिया सुरक्षा का “कवच”, दिन में 10 घंटे बिजली

ग्वालियर। मप्र में सरकार किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देगी। प्रदेश सरकार का फोकस किसान, महिला, गरीब और युवाओं पर है। आज यहां आयोजित प्रदेश स्तरीय बलराम जयंती महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कवच योजना का शुभारंभ किया, साथ ही कृषि कल्याण वर्ष में सरकार की ओर से किसानों को न्याय दिलाने का संकल्प भी जताया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास के लिए चार प्रमुख वर्गों—किसान, महिला, गरीब और युवा को प्राथमिकता दी है। इनमें किसान पहली श्रेणी में हैं। जवान और किसान दोनों के प्रति सम्मान हमारी सामूहिक भावना है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ किसानों को उन्नत फसल के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सरकार का विशेष ध्यान है। सीएम ने मंच से घोषणा की कि ग्वालियर के आकाशवाणी चौराहे का नाम अब बाबूजी रघुवीर सिंह के नाम पर होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पशुपालन और दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए भी उनकी सरकार काम कर रही है। किसानों की आय बढ़ाने खेती के साथ पशुपालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों को सम्मान निधि देने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश बदल रहा है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और मेधावी विद्यार्थियों के साथ खड़े रहने के लिए सरकार लगातार योजनाएं चला रही है। उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में भी प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। मंच से मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।

बलराम जयंती महोत्सव में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, नारायण सिंह कुशवाहा, सांसद भारत सिंह कुशवाह, जयभान सिंह पवैया, समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचे।

*गौ संवर्धन, जैविक खेती और फलोद्यान के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले सम्मानित*

किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित महोत्सव में किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल समेत किसान हितैषी योजनाओं का शुभारंभ किया गया। महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पैक्स के नवीन सदस्यों को अंशपूंजी प्रमाण-पत्र दिए। प्रदेश के तीन उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों और पांच उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को प्रमाण-पत्र भी दिए गए। उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को चेक वितरित किए गए। गौ संवर्धन, जैविक खेती और फलोद्यान के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले जिले के तीन किसानों को राजमाता विजयाराजे सिंधिया पुरस्कार, कुशाभाऊ ठाकरे पुरस्कार और मुख्यमंत्री किसान कल्याण पुरस्कार दिए गए। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से किसान हितैषी योजनाओं और कार्यक्रमों पर केंद्रित प्रदर्शनियां भी लगाई गईं।

*सिंधिया ने कहा “ग्वालियर नई ऊंचाइयां छू रहा”*

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत कृषि प्रधान राष्ट्र है और भगवान बलराम जयंती के अवसर पर आयोजित कृषि महोत्सव व किसान-सहकारिता सम्मेलन संस्कृति, अन्नदाताओं के सम्मान और सहकारिता की शक्ति का संगम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ग्वालियर अंचल विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं।

Next Post

शिक्षक को बताया वकील, हाईकोर्ट ने दिए जांच के आदेश

Wed Sep 2 , 2026
जबलपुर। हाईकोर्ट ने फर्जी वकालतनामे और शपथपत्र में कथित रूप से गलत जानकारी देने के गंभीर मामले में कड़ा रुख अपनाया है। न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल व न्यायमूर्ति अवनीन्द्र कुमार सिंह की युगलपीठ ने पाया कि जिस नीरज कुमार साकेत को अधिवक्ता बताया गया था, वह वास्तव में रीवा जिले के […]

You May Like