
सिंगरौली । जिले के सरकारी स्कूलों को नए शिक्षकों की सौगात मिली है। प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा-2025 के परिणाम के आधार पर लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार सिंगरौली जिले में 186 नव चयनित शिक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी के अनुसार इनमें 174 प्राथमिक शिक्षक तथा 12 प्राथमिक शिक्षक विशेष शिक्षक शामिल हैं।
जारी नियुक्ति आदेश के तहत देवसर विकासखंड में 59, चितरंगी में 57 और बैढ़न विकासखंड में 58 प्राथमिक शिक्षकों की पदस्थापना की गई है। इसके अतिरिक्त विशेष शिक्षक के 12 पदों पर नियुक्तियां हुई हैं। नवनियुक्त शिक्षकों को कल 1 सितंबर से संबंधित विद्यालयों में ज्वाइनिंग शुरू करनी होगी। नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से सात दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित समय-सीमा में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों से समय-सीमा का पालन करते हुए संबंधित विद्यालय में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करने तथा नियुक्ति से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है।
