नई दिल्ली, ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया में आयोजित भारत-ब्राजील व्यापार निगरानी तंत्र (TMM) की 8वीं बैठक में दोनों देशों ने अपने आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयां देने का संकल्प लिया है। वित्त वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़कर 15.07 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जिसे अब और अधिक मजबूत किया जाएगा।
फार्मा और कृषि क्षेत्र में नया सहयोग
बैठक के दौरान भारतीय दवा कंपनियों के लिए ब्राजील के बाजार में बेहतर पहुंच और आसान नियामकीय व्यवस्था पर जोर दिया गया। इसके अलावा, कृषि उत्पादों के लिए स्वास्थ्य व पादप स्वच्छता मानकों तथा आपसी व्यापार को गति देने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
वैश्विक मंचों पर मजबूत होती साझेदारी
भारत और ब्राजील ने ब्रिक्स, जी-20 और डब्ल्यूटीओ जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर खुले और समावेशी वैश्विक व्यापार तंत्र का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इस दौरान दोनों देशों के शीर्ष उद्योगपतियों ने भी आपसी व्यापार को बढ़ावा देने के लिए अहम चर्चाएं कीं।

