ई-रिक्शा में प्रोफेसर की पत्नी के पर्स से 6.5 लाख के जेवर उड़ाए

ग्वालियर: भिंड से ग्वालियर अपनी बीमार बहन से मिलने आई प्रोफेसर की पत्नी को चोर गिरोह ने शिकार बना लिया। तीन महिलाओं ने चलती ई-रिक्शा में ही उनके पर्स से साढ़े चार तोला सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए जेवरों की कीमत लगभग 6.5 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर स्थित कुशवाह मार्केट के पास की है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता सीमा नरवरिया (30) पत्नी डॉ. हरनाम सिंह नरवरिया मूलतः भिंड के कृपे का पुरा की निवासी हैं। उनके पति डॉ. हरनाम सिंह अशोकनगर के चंदेरी कॉलेज में प्रोफेसर हैं। सीमा अपने पति और बच्चों के साथ बस से भिंड से ग्वालियर आई थीं। बस स्टैंड से वह परिवार के साथ डीडी नगर कुशवाह मार्केट में अपनी बड़ी बहन के घर जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुईं।

सीमा ने पुलिस को बताया कि उनके बैठने के कुछ देर बाद ही तीन अज्ञात महिलाएं भी उसी ई-रिक्शा में आकर बैठ गईं। उन्होंने पहले गोला का मंदिर जाने की बात कही। लेकिन गोला का मंदिर पहुंचने के बाद भी वे नहीं उतरीं और उनके साथ ही कुशवाह मार्केट तक आती रहीं।कुशवाह मार्केट पहुंचने पर सीमा अपने परिवार के साथ ई-रिक्शा से उतरकर बहन के घर चली गईं। घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने अपने बड़े पर्स पर नजर डाली तो उसकी चेन आधी खुली हुई थी। अंदर देखा तो छोटा पर्स गायब था, जिसमें सोने के गहने रखे हुए थे।
सीमा के अनुसार, चोरी गए जेवरों में एक जोड़ी सोने की बृजबाला, एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, दो लेडीज सोने की अंगूठियां और एक जेंट्स सोने की अंगूठी शामिल है। इनकी कुल कीमत करीब 6.5 लाख रुपये आंकी गई है।

Next Post

शिवराजकुमार ने सलमान खान की 'मॉन्स्टर' से तुलना पर कहा, "यह शिवा बनाम सलमान नहीं, हम एक हैं"

Sun Aug 30 , 2026
मुंबई, 30 अगस्त (वार्ता) कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार शिवराजकुमार ने अपनी आगामी फिल्म ‘ओरिजिनल मॉन्स्टर’ की सलमान खान अभिनीत ‘मॉन्स्टर’ से तुलना पर कहा है कि दोनों फिल्मों की कहानियां बिल्कुल अलग हैं और इसे किसी मुकाबले के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।’ओरिजिनल मॉन्स्टर’ के टाइटल लॉन्च के मौके […]

You May Like

Play sound