मुनाफाखोर परोस रहे मिलावटी जहर

जबलपुर: चंद रुपयों के मुनाफे के लिए जनता की थाली में जहर परोसने वाले मिलावटखोरों का आतंक थमता नजर नहीं आ रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट ने बाजार में बिकने वाले डेयरी प्रोडक्ट्स की खौफनाक हकीकत के साथ मुनाफाखोर किस तरह सेहत से खिलवाड़ कर रहे है इसकी गवाही भी दे डाली है। पिछले 4 महीनों 1 अप्रैल 2026 से 31 जुलाई 2026 के भीतर लिए गए सैंपलों में से 43 सैंपल लैब टेस्टिंग में पूरी तरह फेल हो गए हैं।

सबसे ज्यादा घी, पनीर और मावे के सेम्पल फेल हुए है। बाजार में बिकने वाला अधिकांश पनीर, मिठाइयों की जान कहे जाने वाले मावे और घी अवमानक के साथ मिथ्याछाप पाए गए हैं। इसके अलावा दही मानकों पर फेल रहा है। आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि मिलावटखोरों को न तो कानून का डर है और न ही नागरिकों की जान की परवाह है। जबकि 20 जुलाई से 22 अगस्त तक लिए गए 63 नमूने की रिपोर्ट आना बाकी है। इस कार्रवाई के दौरान कुल 134 सैंपल गुणवत्ता के कड़े मानकों पर पूरी तरह खरे भी उतरे हैं।
5 प्रकरण दर्ज, 10 को निलंबन नोटिस, 63 नमूनों की रिपोर्ट बाकी
20 जुलाई से 22 अगस्त तक हुई कार्रवाई के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 10 विक्रेताओं के खिलाफ लाइसेंस निलंबन, पंजीकरण निरस्त करने और कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई है। जांच टीम ने बाजार से 195 किलोग्राम संदिग्ध और मिलावटी खाद्य सामग्री को अपने कब्जे में लिया है, जिसकी कुल कीमत 1,57,341 रुपये है। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर 5 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल 63 खाद्य नमूनों को एकत्र कर प्रयोगशाला भेजा है जिनकी रिपोर्ट आना बाकी है । जिन भी प्रतिष्ठानों और डेयरी संचालकों के सैंपल फेल हुए हैं, उन्हें नोटिस जारी किया जा रहा है। कोर्ट में केस दर्ज कर जुर्माना और कड़ी सजा की कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है
नागरिक मिठाईयां और अन्य अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता की जांच परख जरूरी करे। जहां भी खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका हो उसकी शिकायत करे। नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यवसायी को बख्शा नहीं जाएगा। मिलावटखोरों पर कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
अमित गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी

Next Post

पेट्रोल पंप पर दबिश, तीन नोजल सील, नाप-तौल निरीक्षक को नोटिस

Sun Aug 30 , 2026
जबलपुर: रांझी के पनेहरा स्थित पेट्रोल पंप में प्रशासनिक, पुलिस अमले ने दबिश दी। कलेक्टर ने पेट्रोल- डीजल की डिस्पेंसिंग मशीनों की जांच की। उन्होंने मशीनों के कट-ऑफ सिस्टम, शून्य रीसेट प्रक्रिया और डिलीवरी दर का मौके पर ही सत्यापन कराया। उन्होंने अपने सामने 5 लीटर के मानक मापक जार […]

You May Like