
इंदौर. लसूड़िया थाना क्षेत्र में पांच महीने के भीतर कार से कुचलने की दूसरी बड़ी घटना सामने आई है. द एक्जोटिका टाउनशिप में प्रवेश से रोकने पर हुए विवाद के बाद युवक ने चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय को कार से दो बार कुचल दिया. गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल ले जाए गए धर्मेंद्र की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका रिश्तेदार गोविंद घायल हुआ है.
घटना बुधवार रात करीब 10 बजे द एक्जोटिका टाउनशिप के गेट पर हुई. पुलिस के मुताबिक अरंडिया निवासी राजा उर्फ कमल कुमावत अपने दोस्तों के साथ कार लेकर टाउनशिप में पहुंचा था. गेट पर तैनात चौकीदार धर्मेंद्र पुत्र रामचंद मालवीय ने उसे अंदर जाने से रोक दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया.
विवाद के दौरान राजा ने धर्मेंद्र को थप्पड़ मार दिया. मामला बढ़ने पर टाउनशिप के मालिक से आरोपी की मोबाइल पर बात कराई गई. मालिक ने राजा को कार लेकर वहां से जाने के लिए कहा. इसके बाद वह कार लेकर चला गया. कुछ देर बाद आरोपी दोबारा कार लेकर टाउनशिप के गेट पर पहुंचा. उसने कार धर्मेंद्र और उसके रिश्तेदार गोविंद की ओर मोड़ दी. दोनों कार की चपेट में आकर घायल हो गए. गोविंद के पैर में फ्रैक्चर हुआ, जबकि धर्मेंद्र को गंभीर चोटें आईं. इसके बाद राजा ने कार वापस मोड़ी और धर्मेंद्र को दूसरी बार कुचल दिया. इसके बाद वह कार लेकर मौके से भाग निकला. परिजन गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
परिजनों में आक्रोश
परिजनों ने पुलिस को बताया कि धर्मेंद्र करीब एक साल से द एक्जोटिका टाउनशिप में चौकीदारी कर रहा था. वह मूल रूप से देवास का रहने वाला था. परिवार में पत्नी, दो बच्चे और मां हैं. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है. उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
वहीं मृतक के काका मनोहर मालवीय ने नव भारत को बताया कि टाउनशिप में प्रवेश को लेकर विवाद के दौरान आरोपी ने धर्मेंद्र को थप्पड़ मारा था. बाद में वह वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वापस आया और कार से धर्मेंद्र व गोविंद को कुचल दिया. इसके बाद उसने कार दोबारा मोड़कर धर्मेंद्र को कुचल दिया था, उसे हम अस्पताल लेकर गए थे.
आरोपी की तलाश : डीसीपी
मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने नव भारत को बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
आरोपी के घर दबिश, नहीं मिला…
घटना की सूचना मिलने के बाद लसूड़िया पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला. पुलिस टाउनशिप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
पांच महीने पहले भी कार बनी थी जानलेवा…
शिव वाटिका में विवाद के दौरान महिला इंजीनियर की हुई थी मौत
लसूड़िया क्षेत्र में कार से कुचलने की यह दूसरी बड़ी घटना है. मार्च में एमआर 11 स्थित शिव वाटिका स्मृति एनक्लेव में पेंटहाउस के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के दौरान कार से लोगों को टक्कर मारी गई थी. घटना में सॉफ्टवेयर इंजीनियर शंपा पाठक पांडे की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य महिला घायल हुई थी. उस मामले में पुलिस ने जांच के बाद पिता पुत्र को गिरफ्तार किया था. अब करीब पांच महीने बाद द एक्जोटिका टाउनशिप में प्रवेश को लेकर हुए विवाद में चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय को कार से दो बार कुचलने की घटना सामने आई है. दोनों मामलों में विवाद के बाद कार से लोगों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है.
