
मऊगंज, कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के अंतर्गत पूर्व में जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, होटल, स्वीट्स प्रतिष्ठान, ढाबा एवं किराना दुकानों का सघन निरीक्षण कर गुणवत्ता पर संदेह होने पर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए थे। नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक एवं मिथ्या छाप पाए जाने पर संबंधित खाद्य विक्रेताओं के विरुद्ध न्यायालय में प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर पटेल मार्ट मऊगंज के प्रभारी विजय पटेल एवं लाइसेंसी मालिक विनोद पटेल के विरुद्ध अमानक वाडीलाल आइसक्रीम के विक्रय एवं भंडारण, हीरालाल किराना स्टोर रतनगवां के प्रभारी विमलेश कुमार गुप्ता एवं पंजीयनधारी मालिक रामजी गुप्ता के विरुद्ध मिथ्याछाप सोनपापड़ी के विक्रय, रामगोपाल मिष्ठान भंडार देवतालाब के प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता एवं पंजीयनधारी मालिक अनिल कुमार गुप्ता के विरुद्ध मिथ्याछाप छेना मिठाई एवं बर्फी के निर्माण, विक्रय एवं भंडारण तथा धर्मदास मिष्ठान भंडार बस स्टैंड मऊगंज के मालिक अमृतलाल गुप्ता के विरुद्ध मिथ्याछाप मगज लड्डू के निर्माण, विक्रय एवं भंडारण के मामले में प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
इसी प्रकार श्याम मिष्ठान भंडार, थाना के पास नईगढ़ी के मालिक संजय कुमार अग्रहरी के विरुद्ध मिथ्या छाप चमचम एवं बर्फी मिठाई के निर्माण, विक्रय एवं भंडारण, राज किराना स्टोर देवतालाब के मालिक सतीश कुमार गुप्ता के विरुद्ध अमानक छोला के विक्रय, मिश्रा डेयरी मऊगंज के आशीष कुमार मिश्रा के विरुद्ध अमानक पनीर के विक्रय तथा महेश स्वीट्स, थाना के सामने नईगढ़ी के मालिक महेश प्रसाद पटेल के विरुद्ध मिथ्याछाप बर्फी मिठाई के निर्माण एवं विक्रय का प्रकरण दर्ज किया गया है।
इसके अतिरिक्त राजेश किराना एंड जनरल स्टोर खटखरी के प्रोपराइटर राजेश कुमार गुप्ता के विरुद्ध अमानक सौंफ के विक्रय एवं भंडारण तथा शिव भोले समोसा एवं मिष्ठान भंडार देवतालाब के प्रभारी नागेंद्र वर्मा एवं पंजीयनधारी प्रोपराइटर राकेश वर्मा के विरुद्ध अमानक खोवा एवं मिथ्याछाप बर्फी मिठाई के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के संबंध में न्यायालय में प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
त्योहारों को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों पर रहेगी विशेष निगरानी
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशन में ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आगामी रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की विशेष निगरानी की जाएगी। बाहर से गुणवत्ता विहीन रेडीमेड मिठाई, पनीर एवं खोवा मंगाकर विक्रय करने वाले खाद्य विक्रेताओं के विरुद्ध छापामार कार्रवाई कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे। जांच के दौरान गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित खाद्य पदार्थों का संपूर्ण स्टॉक जप्त कर विक्रय पर रोक लगाने के साथ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है।
