
उज्जैन। म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत देवास रोड स्थित अभिनंदन परिसर में सोमवार को राखी मेला-2026 का शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन सांसद अनिल फिरोजिया ने किया। इस अवसर पर महापौर मुकेश टटवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा जिला पंचायत सदस्य श्याम और प्रताप सिंह आर्य विशेष रूप से उपस्थित थे।
यह मेला 24 से 26 अगस्त तक दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। मेले में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित आकर्षक राखियों, हस्तशिल्प और विभिन्न स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाकर बिक्री की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन कर उनकी सराहना की और उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया।
शुभारंभ अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक अमित ब्रिजवानी, परियोजना अधिकारी अजय भालसे, जिला प्रबंधक छाया भार्गव, कंचन कड़वे, आशा दुबे, रूपेंद्र यादव, विनोद भीमावद सहित विकासखंड स्तरीय टीम और मिशन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
