
रीवा, विधायक सिद्धार्थ तिवारी त्योंथर क्षेत्र में आई बाढ़ के बाद लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं. उन्होंने मंगलवार को भी एसडीएम, तहसीलदार एवं सीईओ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रेरुआपुर्वा, गडऱपुर्वा,बहरइचा, सोनौरी इत्यादि ग्रामों में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से सीधे मिलकर हर संभव मदद की बात कही तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुए नुकसान का स्वयं जायजा लिया. विधायक श्री तिवारी ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बरीकी से त्योंथर विधानसभा क्षेत्र में उत्पन्न बाढ़ की गंभीर परिस्थितियों से अवगत कराया है. मुख्यमंत्री जी स्वयं भी विधानसभा क्षेत्र की स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए हैं. प्रशासन पूरी तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा है. राहत शिविरों में प्रभावित परिवारों के लिए खाद्यान्न एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है. सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि इस भयावह प्राकृतिक आपदा से पूरा क्षेत्र प्रभावित हुआ है. श्री तिवारी ने कहा कि प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार को मुआवजा दिलाया दिया जाएगा।प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को पुन: पटरी पर लाने के लिए राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी. इस दौरान विधायक श्री तिवारी द्वारा आवश्यकता के अनुसार प्रभावित परिवारों को तिरपाल सहित अन्य तात्कालिक राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है.
