नदी में डूबने से युवक की मौत, पुल न होने से जोखिम उठाने को ग्रामीण मजबूर

उमरिया। जिले के पुलिस चौकी अमरपुर अंतर्गत पड़वार सलैया के बीच पड़ने वाली भदार नदी मे 23 अगस्त को सुबह करीब 8 से 9 बजे के आसपास एक युवक की डूबने से मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पर पहुंची चौंकी अमरपुर पुलिस की मौजूदगी मे स्थानीय लोगों की मदद से युवक का शव गहरे पानी से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान जितेंद्र द्विवेदी पिता रामनरेश द्विवेदी निवासी ग्राम मुड़गुड़ी के रूप में होना बताया जा रहा है।बताया जाता है कि युवक नदी को पार कर रहा था इसी दौरान यह हृदय विदारक घटना घटी।

बता दें कि पड़वार और सलैया के बीच पड़ने वाली सलैया-पड़वार के बीच बहने वाली भदार नदी बरसात के दिनों में ग्रामीणों के लिए महज नदी नहीं,बल्कि जिंदगी और जोखिम के बीच खड़ी एक बड़ी चुनौती बन जाती है।ग्रामीण लंबे समय से इस स्थान पर पुल निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन यह मांग आज तक पूरी नहीं हो सकी। हालात ऐसे हैं कि नदी पार करने के बाद पड़वार गांव की दूरी जहां करीब एक किलोमीटर है,वहीं नदी के रास्ते से न जाने पर ग्रामीणों को घूमकर लगभग 20 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। इसी मजबूरी का सबसे बड़ा असर स्कूली बच्चों पर पड़ता है। सलैया, मुडगुड़ी, कुड़ी, बचहा और भरौली सहित कई गांवों के छात्र शासकीय विद्यालय पड़वार में पढ़ने जाते हैं। कम दूरी के कारण बच्चे और ग्रामीण अक्सर नदी पार करके ही दूसरी ओर पहुंचने का जोखिम उठाते हैं।

हादसे ने नदी में लंबे समय से जारी अवैध रेत उत्खनन के आरोपों को भी फिर चर्चा में ला दिया है।ग्रामीणों का कहना है कि रेत निकासी के चलते नदी के कई हिस्सों में गहरे गड्ढे बन गए हैं।तेज बहाव में ये गड्ढे दिखाई नहीं देते और नदी की धारा पार करने वाले लोगों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।ग्रामीणों का आरोप है कि नदी की वास्तविक गहराई और बदली हुई स्थिति की जानकारी न होने के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है।

Next Post

डीएमआरसी बना आईएसओ 55001:2024 प्रमाणन हासिल करने वाला भारत का पहला मेट्रो संगठन

Sun Aug 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 अगस्त (वार्ता) दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीएमआरसी ) ने मुंबई मेट्रो लाइन-3 की परिसंपत्ति प्रबंधन प्रणाली के लिए आईएसओ 55001:2024 प्रमाणन हासिल कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यहां जारी एक आधिकारिक बयान में रविवार को बताया गया कि यह प्रमाणन हासिल करने के साथ […]

You May Like