राखी मेले का हुआ शुभारंभ, 25 अगस्त तक सजेगा राखी मेला

बालाघाट, महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बालाघाट एवं मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आयोजित “राखी मेला 2026” का शुभारंभ शनिवार को तुरकर भवन, अंबेडकर चौक बालाघाट में हुआ। मेला 22 से 25 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।

 

मेले का शुभारंभ मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन सहित अन्य अतिथियों ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, जिला परियोजना प्रबंधक सुश्री श्वेता मेहतो, जिला प्रबंधक श्री मुकेश बिसेन, श्री शशांक तिवारी, श्री दिनेश कुमार साहू, श्री मुकेश गोखे सहित स्व-सहायता समूहों की दीदियां उपस्थित रहीं।

 

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन ने स्व-सहायता समूहों की दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। ऐसे मेले उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। राखी मेले के माध्यम से अन्य महिलाएं भी स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित होंगी। उन्होंने जिलेवासियों से मेले में पहुंचकर स्व-सहायता समूहों की दीदियों का उत्साहवर्धन करने और उनके उत्पाद खरीदने की अपील की।

 

अतिथियों ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार की गई राखियों एवं अन्य उत्पादों का अवलोकन कर उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दिया। मेले में ग्रामीण स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार की गई विभिन्न प्रकार की आकर्षक राखियां एवं अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद बिक्री एवं प्रदर्शन के लिए उपलब्ध हैं। मेले का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराना, उनकी आय में वृद्धि करना तथा स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

 

इस अवसर पर विकासखंड प्रबंधक श्रीमती स्वाती बिसेन, श्री शैलेन्द्र कायस्थी, श्री तिलकराज सिंह, श्री अंकित लाजेवार सहित विभिन्न विकासखंडों से आईं स्व-सहायता समूहों की दीदियां उपस्थित रहीं।

 

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि 22 से 25 अगस्त तक तुरकर भवन, अंबेडकर चौक बालाघाट में आयोजित राखी मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें, स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित राखियों एवं अन्य उत्पादों की खरीदारी करें तथा ग्रामीण महिलाओं के हुनर, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करें।

Next Post

ईद मीलादुन्नबी, बाइक रैली, रक्षाबंधन व कजुलियां पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न

Sat Aug 22 , 2026
हिण्डोरिया/दमोह। सन्निकट जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर्व, बाइक रैली, रक्षाबंधन पर्व व कजुलियां पर्व को लेकर स्थानीय थाना परिसर में एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी व टीआई अंजली अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने बताया कि 25 अगस्त […]

You May Like