
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए झाबुआ जिले के रायपुरिया थाना क्षेत्र में कुएं के पास लावारिस हालत में मिले नवजात को सुरक्षित बचाकर समय पर उपचार उपलब्ध कराया।
18 अगस्त को रायपुरिया पुलिस को सूचना मिली कि देवली गांव में कुएं के पास एक नवजात बच्चा रोता हुआ मिला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक गीता जाटव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और नवजात को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने तत्काल अपने वाहन से नवजात को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया। समय पर कार्रवाई होने से बच्चे को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
रायपुरिया पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर नवजात को लावारिस छोड़ने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।यह कार्रवाई पुलिस के ‘देशभक्ति-जनसेवा’ के संकल्प और संकट में फंसे असहाय लोगों की सुरक्षा के प्रति उसकी संवेदनशीलता को दर्शाती है।
