ग्वालियर: विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर जय विलास पैलेस म्यूज़ियम में विशेष टॉक शो का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 19 अगस्त को शाम 4 से 5:30 बजे तक द डांस हॉल में आयोजित होगा। इस अवसर पर ग्वालियर की 100 वर्षों से अधिक पुरानी फोटोग्राफी परंपरा से जुड़े परिवार और स्टूडियो शहर के बदलते इतिहास और अपनी यादों को साझा करेंगे। इन फोटोग्राफरों ने दशकों से ग्वालियर के महत्वपूर्ण उत्सवों, ऐतिहासिक अवसरों, लोगों और शहर के बदलते स्वरूप को अपने कैमरों में दर्ज किया है।
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों को विंटेज कैमरों, ग्वालियर से जुड़ी पुरानी और दुर्लभ तस्वीरों तथा फोटोग्राफरों की व्यक्तिगत स्मृतियों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। यह केवल फोटोग्राफी पर बातचीत नहीं, बल्कि उन तस्वीरों के माध्यम से ग्वालियर के बीते समय को देखने और समझने का प्रयास है।इस वर्ष विश्व फोटोग्राफी दिवस की थीम होम है। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए जय विलास पैलेस म्यूज़ियम का मानना है कि पूरा ग्वालियर हमारा साझा घर है और इसकी कहानियाँ, स्मृतियाँ और दृश्य विरासत हम सभी की सामूहिक धरोहर हैं।
