मुंबई, (वार्ता) महाराष्ट्र पुलिस ने भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम कास्कर के कथित सहयोगी अख्तर हुसैन मर्चेंट को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मीरा-भायंदर पुलिस की एक विशेष टीम ने मर्चेंट के हवाई अड्डे पर उतरते ही उसे रोक लिया। वह मीरा-भायंदर इलाके में 2023 में दर्ज हुई एक गोलीबारी की घटना के सिलसिले में वांछित था।
यह गिरफ्तारी पुलिस आयुक्त अनिकेत कौशिक और सहायक पुलिस आयुक्त जी.डब्ल्यू. बांगर की देखरेख में की गयी।
पुलिस ने बताया कि मर्चेंट फरार चल रहा था और सटीक जानकारी के आधार पर उसे दिल्ली हवाई अड्डे से ट्रैक किया गया। उसे हिरासत में ले लिया गया है और मामले में उसकी भूमिका तथा अन्य आरोपियों के साथ उसके संबंधों को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
