जयपुर, गुलाबी नगरी जयपुर में 19 से 22 अगस्त तक ब्रिक्स पर्यटन कार्य समूह और मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित होने जा रही हैं। इन चार दिवसीय बैठकों का मुख्य उद्देश्य सदस्य देशों के बीच पर्यटन को नई दिशा देना है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टिकाऊ पर्यटन, कौशल विकास और सुगम यात्रा जैसी रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
राजस्थान के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसर
यह आयोजन राजस्थान के पर्यटन क्षेत्र को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का एक सुनहरा अवसर है। राज्य सरकार ऐतिहासिक विरासत, रेगिस्तानी पर्यटन, वन्यजीव और विलासिता पूर्ण सेवाओं को ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के समक्ष प्रदर्शित करेगी, ताकि निवेश और नए पर्यटक बाजारों के साथ दीर्घकालीन साझेदारी के द्वार खुल सकें।
दीर्घकालीन पर्यटन रोडमैप की तैयारी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के नेतृत्व में राजस्थान अपनी पर्यटन क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के लिए तैयार है। सरकार 2030-31 तक ब्रिक्स-राजस्थान एकीकृत पर्यटन गलियारे की अवधारणा पर काम कर रही है, जिससे तकनीक और साझा प्रचार अभियानों के जरिए राज्य के पर्यटन मॉडल को नई ऊंचाइयां दी जा सकें।

