
ओंकारेश्वर, पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के विकास के उद्देश्य से ओंकारेश्वर पावर स्टेशन में मंगलवार को वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। परियोजना प्रमुख डी.के. द्विवेदी के मार्गदर्शन और लेडिज क्लब अध्यक्षा अंजना द्विवेदी के नेतृत्व में पावर स्टेशन परिसर के साथ ही जैन मंदिर और सिद्धवरकूट के आसपास कुल 300 पौधे लगाए गए।
*त्रिवेणी रोपण से हुई शुरुआत*
कार्यक्रम का शुभारंभ डी.के. द्विवेदी और अंजना द्विवेदी ने नीम, बरगद और पीपल की त्रिवेणी लगाकर किया। त्रिवेणी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति और प्रकृति के संबंध का संदेश दिया गया।
इसके बाद स्टेशन के अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन और सीआईएसएफ के जवानों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया। इस दौरान नीम, पीपल, बरगद, आंवला, अर्जुन, करंज, अमलतास, गुलमोहर, कदंब, सतपरनी सहित विभिन्न छायादार और औषधीय पौधे रोपे गए।
*”पौधा लगाना शुरुआत, उसे वृक्ष बनाना जिम्मेदारी”*
परियोजना प्रमुख डी.के. द्विवेदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ एक दिन का कार्य नहीं है। “पौधा लगाना पहली जिम्मेदारी है, लेकिन उसे वृक्ष बनाना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है। हमें प्रत्येक पौधे की नियमित देखरेख और सिंचाई का संकल्प लेना होगा। जब ये पौधे वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को छाया और ऑक्सीजन देंगे तभी हमारा प्रयास सार्थक होगा।”
उन्होंने सभी से पौधों के संरक्षण को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक सिविल संजय कुमार, सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट राधेश्याम राठौर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे। सभी ने लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
