सतना :बुधवार से जारी उमस भरी गर्मी गुरुवार होते-होते लोगों को बुरी तरह हलाकान करने लगी थी. लेकिन उस वक्त लोगों को फौरी राहत मिलती नजर आई जब शाम के समय झमझाम बारिश होने लगी. गुरुवार को कुछ समय के लिए हुई तेज बारिश के चलते शहर के कई क्षेत्रों में एक बार फिर जलभराव की स्थित देखने को मिली.मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम को शहर में महज आधे घंटे के अंतराल में 14.9 मिमी बारिश दर्ज कर ली गई. हलांकि मंगलवार को मामूली बारिश होने के बाद बुधवार सूखा ही निकल गया. लिहाजा धूप के तेवर कड़े होते ही उमस भरी गर्मी के दौर ने लोगों को हलाकान करना शुरु कर दिया. उमस भरी गर्मी का यह सिलसिला गुरुवार को और तेज हो गया.
लेकिन शाम के चार बजे के बाद अचानक काले घने बादलों का जमघट लगना शुरु हो गया. जिसके कुछ देर बाद अचानक मूसलाधार बारिश शुरु हो गई. हलांकि मूसलाधार बारिश का यह क्रम कुछ देर तक ही चला. लेकिन इसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलती नजर आई. वहीं जिले के अधिकांश स्थानों पर भी गुरुवार को हुई बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली. लेकिन वहीं दूसरी ओर कुछ देर के लिए शहर में हुर्द तेज बारिश का साइड इफेक्ट भी नजर आने लगा. अस्पताल रोड से लेकर अस्पताल परिसर और शासकीय कन्या महाविद्यालय परिसर तक लाबालब पानी भरा नजर आने लगा. यही हालात जगतदेव तालाब रोड, सर्किट हाउस चौक, बस स्टैण्ड परिसर, अंडर ब्रिज, कलेक्टोरेट परिसर व्यंकट 1 परिसर और लाड़ली लक्ष्मी पथ सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिले
