नई दिल्ली, भारतीय टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने अपने प्रीपेड पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव करते हुए रोज 1.5 GB डेटा देने वाले अपने 5 सबसे लोकप्रिय और सस्ते प्लान्स को अचानक बंद कर दिया है। कंपनी की वेबसाइट और थैंक्स ऐप से ₹299, ₹319, ₹579, ₹619 और ₹649 वाले पैक अब हटा दिए गए हैं।
16 प्रतिशत तक महंगा हुआ मोबाइल रिचार्ज
इन किफायती प्लान्स के हटने से आम ग्राहकों को अब न्यूनतम ₹349 का रिचार्ज कराना होगा, जिससे मासिक मोबाइल खर्च में सीधे 16% की बढ़ोतरी हो गई है। हालांकि, इस नए प्लान में ग्राहकों को हर दिन 2 GB डेटा के साथ अनलिमिटेड 5G डेटा का एक्सेस भी दिया जा रहा है।
मुनाफे के बावजूद एयरटेल का बड़ा कदम
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब एयरटेल का शुद्ध मुनाफा पहली तिमाही में 37.3% बढ़कर ₹8,167 करोड़ पहुंच चुका है। जानकारों का मानना है कि एयरटेल के इस कदम के बाद जियो और वोडाफोन आइडिया जैसी अन्य कंपनियां भी अपने टैरिफ प्लान महंगे कर सकती हैं।

