जबलपुर : गोरखपुर थाना अंतर्गत छोटा लाइन फाटक के पास एक सनकी पति द्वारा पत्नी की बीच सडक़ पर सरेराह बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपी पति ने न सिर्फ महिला के साथ अभद्रता की, बल्कि पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपी पत्नी के ऑफिस में पहुंचकर भी हंगामा कर चुका है ।
पुलिस के अनुसार, शक्तिनगर बदनपुर गढ़ा की रहने वाली 25 वर्षीय अंजलि चक्रवर्ती का विवाह वर्ष 2021 में जोगी मोहल्ला गोरखपुर निवासी शुभम चक्रवर्ती के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही शुभम की असलियत सामने आ गई। वह अपनी पत्नी पर बेवजह शक करने लगा। शक के चलते वह रोज मारपीट करता था। हद तो तब हो गई जब उसने अंजलि को दैनिक खर्च के पैसे देना और घर का जरूरी सामान लाना भी बंद कर दिया। पति के रोज-रोज के टॉर्चर और करीब एक महीने पहले हुई मारपीट से तंग आकर अंजलि अपने मायके शक्तिनगर लौट आई और एक प्राइवेट नौकरी शुरू की। लेकिन पति ने वहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा। शुभम अंजलि के ऑफिस पहुंच गया और सहकर्मियों के सामने ही उसके साथ मारपीट की। पति के सुधरने की उम्मीद में अंजलि ने तब पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। दोपहर करीब 1:30 बजे अंजलि किसी काम से गोरखपुर थाने की तरफ जा रही थी। जैसे ही वह छोटा लाइन के पास पहुंची, शुभम ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने बीच सडक़ पर हाथ-मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
