इंदौर: मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, इंदौर के मुख्य अभियंता राजेश जैन ने मंगलवार को राजमोहल्ला जोन का निरीक्षण कर विद्युत सेवाओं और राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों एवं अन्य उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर योजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली.
मुख्य अभियंता ने लाभार्थियों से योजना के क्रियान्वयन और सेवा गुणवत्ता को लेकर फीडबैक प्राप्त किया. उपभोक्ताओं ने कंपनी द्वारा दी जा रही सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया. निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने फ्यूज कॉल शिकायतों के निराकरण, राजस्व संग्रहण तथा अन्य परिचालन गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र सिंह भदौरिया एवं राजमोहल्ला जोन प्रभारी विशाल वर्मा को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित सभी ऊर्जा संबंधी सेवाओं का निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.
