
सौंसर, सौसर के ग्राम धोतकी स्थित ‘गावंडे मध्य भारत आयुर्वेदिक हॉस्पिटल’ के पीछे अवैध रूप से संचालित की जा रही मेसर्स आर.आर. पॉलिमर्स’ प्लास्टिक दाना निर्माण इकाई को आज प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम द्वारा सील कर दिया गया।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से प्राप्त शिकायत पर संज्ञान लेते हुए 02 अगस्त को तहसीलदार सौंसर एवं मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड,छिंदवाड़ा की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मेसर्स आर.आर. पॉलिमर्स द्वारा बिना ग्राम सभा की अनापत्ति प्रमाण पत्र और बिना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संचालन सहमति के अवैध रूप से प्लास्टिक से ग्रेन्युअल (दाना) बनाने का कार्य किया जा रहा था।
*तीव्र गंध और प्रदूषण से परेशानी -*
अस्पताल से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित इस इकाई में प्लास्टिक को गलाने की प्रक्रिया से उठने वाली तीव्र एवं दुर्गंधयुक्त गंध के कारण अस्पताल में भर्ती मरीजों व स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, जिसकी शिकायतें निरंतर मिल रही थीं।
*कार्रवाई और सामग्री जप्त -*
संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेसर्स आर.आर. पॉलिमर्स इकाई को मौके पर ही सील कर दिया। इकाई के भीतर क्रशर मशीन, डाय मशीन (हीटर) एवं भारी मात्रा में रॉ-मटेरियल संगृहीत पाया गया।
कार्रवाई के पश्चात ताले की चाबी थाना प्रभारी लोधीखेड़ा की अभिरक्षा में सौंप दी गई है। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सौंसर, मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड छिंदवाड़ा के अधिकारी, शिकायतकर्ता एवं उद्योग प्रबंधन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
