
सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेलकी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पांच दिन की नवजात बच्ची की कथित रूप से पानी से भरे ड्रम में डुबोकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मां के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम भेलकी निवासी पंकज पटेल ने गुरुवार को चुरहट थाने पहुंचकर सूचना दी कि उनकी पत्नी सोनू पटेल ने उनकी पांच दिन की नवजात बेटी को पानी से भरे ड्रम में डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया गया कि गुरुवार 30 जुलाई को सुबह करीब 9:20 बजे पंकज पटेल अपनी पत्नी से बच्ची को दूध पिलाने के लिए कहकर खेत में धान की रोपाई करने चले गए थे। कुछ देर बाद उनकी बहन ने फोन कर बताया कि बच्ची दिखाई नहीं दे रही है। इसके बाद परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस के अनुसार तलाश के दौरान घर में रखे एक नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम का ढक्कन खोलकर देखा गया तो उसके अंदर पानी में नवजात बच्ची का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी महिला अपनी दूसरी संतान के रूप में बेटी के जन्म से परेशान थी तथा बच्ची का पालन-पोषण नहीं करना चाहती थी। इसी कारण उसने कथित रूप से इस वारदात को अंजाम दिया।
पांच दिन पहले हुआ था बच्ची का जन्म-
पुलिस के अनुसार नवजात बच्ची का जन्म लगभग पांच दिन पहले ही हुआ था। एक पुत्री पहले से थी, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला बेटी के जन्म से मानसिक रूप से परेशान थी। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा। फिलहाल चुरहट पुलिस ने परिजनों की सूचना पर आरोपी महिला एवं पांच दिन की बच्ची की मां सोनू पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
इनका कहना है-
परिजनों की सूचना पर पुलिस गई थी, उनके द्वारा जो साक्ष्य एवं जानकारी दी गई उसके अनुसार बच्ची की मां सोनू पटेल ने ही हत्या की है, जिसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
श्रीमती रीता त्रिपाठी, थाना प्रभारी चुरहट
