आम जनता तक पहुंचाएं कानून के लाभ: सीएम डॉ यादव 

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के बीच सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित किया। बैठक का मुख्य फोकस विधानसभा में पेश किए गए समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक और उसके प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाने पर रहा। मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि यूसीसी सभी नागरिकों को समान अधिकार और कानूनी संरक्षण देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है तथा इसके लाभों की सही जानकारी जनता तक पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यूसीसी पर सदन में चर्चा के बाद इसे पारित कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि नए कानून में महिलाओं को संपत्ति में समान अधिकार दिए गए हैं, जबकि जनजातीय समाज की परंपराओं और मान्यताओं के संरक्षण के लिए उन्हें यूसीसी के दायरे से बाहर रखा गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाए जाने वाले भ्रम का तथ्य और प्रमाण के साथ जवाब दिया जाए तथा मुस्लिम महिलाओं सहित सभी वर्गों को मिलने वाले लाभों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाने की जानकारी देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने विंध्य क्षेत्र तक सिंचाई का पानी पहुंचाने वाली देश की सबसे बड़ी टनल परियोजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इससे जबलपुर, कटनी, पन्ना, सतना, मैहर और रीवा की करीब 2.45 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। उन्होंने विधायकों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा अपनी विधानसभा को मॉडल विधानसभा बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि निवेशकों के लिए नियमों के सरलीकरण और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत किए गए सुधारों के कारण नीति आयोग ने निवेशक-अनुकूल सुधारों में मध्यप्रदेश को देश में प्रथम स्थान दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश यूसीसी लागू कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने जा रहा है। उन्होंने विधायकों से यूसीसी के प्रावधानों, महिलाओं को मिलने वाले अधिकारों और जनजातीय समाज को कानून के दायरे से बाहर रखने जैसे पहलुओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, ‘मन की बात’ कार्यक्रम और संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने का भी आह्वान किया।

Next Post

मुंबई पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया

Mon Jul 20 , 2026
मुंबई, 20 जुलाई (वार्ता) मुंबई पुलिस ने सोमवार को विद्यार्थियों के एक समूह को हिरासत में ले लिया जो राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में दादर स्थित चैत्यभूमि के पास विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश कर […]

You May Like