भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल के आईसीटी विभाग ने शुक्रवार को प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में विभागीय हिन्दी ई-पत्रिका ‘संप्रेषण’ का विमोचन किया। इस अवसर पर वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान आयोजित विभिन्न हिन्दी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजभाषा हिन्दी के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (एसओएम) राजेश कुमार अग्रवाल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर महाप्रबंधक (आईसीटी) एच.के. पाटिल ने की। इस अवसर पर प्रबंधक (राजभाषा) पूनम साहू सहित आईसीटी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि राजेश कुमार अग्रवाल ने विभाग द्वारा हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों की सराहना करते हुए प्रतियोगिताओं के विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी का अधिकतम उपयोग करें, ताकि राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन को और अधिक मजबूती मिल सके। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
