शहर की सड़कों पर लगे रबर डिवाइडर बने वाहन चालकों की मुसीबत

इंदौर: शहर की सड़कों पर लगे रबर डिवाइडर सुरक्षा की बजाय दुर्घटना और वाहन पंचर का कारण बन रहे हैं. रखरखाव के अभाव में ये डिवाइडर उखड़ रहे हैं और इनमें लगी बड़ी लोहे की कीलें बाहर निकल आई हैं, जो रात के समय और भी खतरनाक साबित होती हैं. ये गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के टायर पंचर कर देती हैं. असंतुलन बिगड़ने के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और गंभीर रूप से चोटिल होने का खतरा बढ़ गया है. नगर निगम और यातायात विभाग द्वारा इन डिवाइडरों की समय पर मरम्मत न होने से वाहन चालकों में भारी आक्रोश है.

शहर की मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों की गति नियंत्रित करने और दुर्घटनाएं रोकने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में रबर डिवाइडर लगाए गए थे. शुरुआत में यह व्यवस्था प्रभावी और आकर्षक साबित हुई, लेकिन समय पर रखरखाव नहीं होने से यही डिवाइडर अब वाहन चालकों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं. डिवाइडरों को सड़कों पर मोटी और बड़ी कीलों से ठोका गया था, जो रबर क्षतिग्रस्त होने के बाद बाहर निकल आई हैं. इन नुकीली कीलों से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के टायर पंचर हो रहे हैं, वहीं कई वाहन फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिनमें लोगों को चोटें आई हैं. नागरिकों ने सोशल मीडिया और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. लोगों का कहना है कि डिवाइडर लगाने के साथ उनका नियमित मेंटेनेंस भी जरूरी है, अन्यथा यह सुरक्षा व्यवस्था ही आम नागरिकों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है.

यह बोले वाहन चालक…

वाहन चालकों की जान से आखिर कब तक खिलवाड़ होगा? रबर डिवाइडर उखड़ चुके हैं, कीलें सड़क पर मौत बनकर खड़ी हैं. शिकायतों के बावजूद अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं. हादसा होने का इंतजार क्यों किया जा रहा है?
– साजिद कुरैशी

सड़क सुरक्षा के नाम पर लगाए गए रबर डिवाइडर अब खतरे का कारण बन गए हैं. मेंटेनेंस की जिम्मेदारी किसकी है? अधिकारियों की लापरवाही से रोज वाहन पंचर हो रहे हैं, दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है.
– रमन बोरासी

यदि समय रहते इन क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी किसकी होगी? समस्याओं की शिकायतें लगातार होती हैं, लेकिन संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई के बजाय केवल तमाशबीन बने रहते हैं.
– मुन्ना कुन्हारे

Next Post

रूट के नाबाद 99 रन ने इंग्लैंड को दिलाई बराबरी

Fri Jul 17 , 2026
कार्डिफ, 17 जुलाई (वार्ता) अनुभवी बल्लेबाज जो रूट (नाबाद 99 ) की शानदार पारी से इंग्लैंड ने भारत को दूसरे वनडे में गुरूवार को 35 गेंद शेष रहते चार विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली। भारत ने श्रेयस अय्यर (66) और विराट […]

You May Like