वॉशिंगटन डीसी, 15 जुलाई (वार्ता) इराकी प्रधानमंत्री अली अल-जैदी के अमेरिकी दौरे के दौरान सुरक्षा उपायों को लागू किये जाने के कारण मंगलवार को यहां के ‘रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाईअड्डे’ पर कई घंटों तक उड़ानों का संचालन निलंबित रहा। इस मामले से परिचित स्रोतों ने ‘सीबीएस न्यूज’ को बताया कि इसके कारण 100 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं और बड़े पैमाने पर देरी हुई।
हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ानों के आगमन और प्रस्थान को पूर्वी समय के अनुसार सुबह 11 बजे से दोपहर लगभग तीन बजे के बीच रोक दिया गया था। फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइटअवेयर’ के अनुसार, 300 से अधिक उड़ानों में देरी हुई और कम से कम 126 उड़ानें रद्द कर दी गयी। इस व्यवधान ने देश के सबसे व्यस्त और कड़े नियंत्रण वाले हवाई क्षेत्रों में से एक को प्रभावित किया, जहां वाशिंगटन और उत्तरी वर्जीनिया में प्रमुख सरकारी इमारतों के आसपास से गुजरने वाले मार्गों और सैन्य विमानों के साथ-साथ दैनिक रूप से सैकड़ों वाणिज्यिक उड़ानें संचालित होती हैं।
वर्ष 2025 में एक प्रशिक्षण मिशन पर निकले अमेरिकी सेना के ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और अमेरिकन एयरलाइंस के एक यात्री जेट के बीच हवा में हुई भीषण टक्कर के बाद से वाशिंगटन डीसी के हवाई क्षेत्र में हेलीकॉप्टर की गतिविधियों पर कड़े प्रतिबंध लागू हैं। इस दुर्घटना में 67 लोगों की मौत हो गयी थी, जिसके बाद हवाईअड्डे के पास हेलीकॉप्टर मार्गों पर प्रतिबंध लगा दिये गये और पेंटागन से वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को ले जाने वाली उड़ानों के संचालन के लिए नयी प्रक्रियाएं तय की गयीं।
प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि व्यवधान को सीमित करने के प्रयास में ह्वाइट हाउस और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) के अधिकारियों ने अल-जैदी के दौरे के दौरान समय के तालमेल को लेकर समन्वय किया। निलंबन के दौरान पहले से ही हवा में चक्कर काट रहे कुछ विमानों को उतरने की अनुमति दी गयी, जबकि जमीन पर मौजूद अन्य विमानों को उड़ान भरने की अनुमति दी गयी। संघीय विमानन प्रशासन और परिवहन विभाग ने इस मामले में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
श्री ट्रंप ने मई में कार्यभार संभालने वाले अल-जैदी के पहले अमेरिकी दौरे में दोनों देशों के संबंधों के भविष्य पर बातचीत के लिए उनकी मेजबानी की। श्री ट्रंप ने बाद में इराकी नेता को दोपहर के भोजन पर आमंत्रित कर इस मुलाकात का समय और बढ़ा दिया।
अल-जैदी का काफिला तय समय से थोड़ी देरी से दोपहर लगभग 1:30 बजे ह्वाइट हाउस से पेंटागन के लिए रवाना हुआ। इसमें रीगन राष्ट्रीय हवाई क्षेत्र के भीतर संचालित हो रहा एक सुरक्षा हेलीकॉप्टर भी शामिल था। अल-जैदी ने अमेरिका-ईरान दोनों के साथ इराक के संबंधों को संतुलित करने का प्रयास किया है। उनकी सरकार ने इराक में सक्रिय ईरान समर्थक मिलिशिया से 30 सितंबर तक हथियार डालने का आह्वान किया है, जब अमेरिकी सैनिकों के देश छोड़ने का कार्यक्रम तय है। इस समय जारी ईरान युद्ध ने पश्चिम एशिया और अमेरिका दोनों ही जगहों पर सुरक्षा चिंताओं को अत्यधिक बढ़ा दिया है।
आतंकवाद विरोधी विशेषज्ञों ने पहले चेतावनी दी है कि ईरान ने अमेरिकी धरती पर अभियानों को अंजाम देने का प्रयास किया है, जिसमें अपहरण और हमलों से जुड़ी साजिशें शामिल हैं। श्री ट्रंप के खिलाफ हाल ही में हुए हत्या के प्रयासों के बाद अमेरिकी अधिकारी अन्य सुरक्षा खतरों को लेकर भी सतर्क हैं।
