नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) चुनाव आयोग ने दिल्ली,कर्नाटक, पंजाब और तेलंगाना में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की अवधि संबंधित राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों (सीईओ) के अनुरोध पर बढ़ा दी है।
आयोग की ओर इन चारों राज्यों में एसआईआर के लिए बुधवार को जारी संशोधित कार्यक्रमों के अनुसार अब पंजाब और तेलंगाना की नयी संशोधित सूचियां 12 अक्टूबर 2026 को तथा दिल्ली और कर्नाटक की सूचियां 19 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएंगी।
संशोधित कार्यक्रमों के अनुसार पंजाब और तेलंगाना में बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर भेज कर मतदाता गणना प्रपत्र भरवाने और उनको जमा कराने के लिए 25 मई से 24 जुलाई तक चलने वाला काम तीन अगस्त तक चलेगा और उसी दिन इन राज्यों में मतदान केंद्रों को युक्तिसंगत बनाया जाएगा।
प्राप्त मतदाता गणना फार्मों के अधार पर इन दोनों राज्यों की नयी मतदाता सूचियों के मसौदे 13 अगस्त को जारी किये जाएंगे और उसी दिन से सूची के मसौदे को लेकर दावे और आपत्तियां प्राप्त करने का कार्य शुरू होगा जो 12 सितंबर तक चलेगा। दावे और आपत्तियों पर नोटिस जारी किये जाने और इन पर सुनवाई तथा निस्तारण का काम भी 13 अगस्त को दावे और आपत्तियां मिलने के साथ ही शुरू कर दिया जाएगा । यह प्रक्रिया 10 अक्टूबर तक चलेगी।
पंजाब और तेलंगाना में एसआईआर के बाद नयी सूचियों का प्रकाशन 12 अक्टूबर को किया जाएगा।
इसी तरह दिल्ली और कर्नाटक में 30 जून से 29 जुलाई तक मतदाता गणना फार्म पहुंचाने का काम अब आठ अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। इन दोनों राज्यों की नयी सूची का मसौदा 17 अगस्त को जारी किया जाएगा और उसी दिन से 16 सितंबर तक दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
दावे और आपत्तियों पर नोटिस की प्रक्रिया 17 अगस्त से शुरू हो कर 15 अक्टूबर तक चलेगी और पक्की सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर को जारी किया जाएगा।
पहले के कार्यक्रमों के अनुसार तेलंगाना और पंजाब की पक्की सूचियां पहली अक्टूबर को तथा दिल्ली और कर्नाटक की सूचियां 7 अक्टूबर को जारी की जानी थी।
