
नई दिल्ली पंजाब कांग्रेस में चल रहे अंदरूनी मतभेद और संगठनात्मक असंतोष को लेकर मंगलवार को पार्टी नेतृत्व अहम बैठक करेगा। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी विदेश दौरे से लौटने के बाद सीधे पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पहुंचे, जहां पंजाब की राजनीतिक स्थिति पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, पंजाब कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं के बीच लंबे समय से जारी खींचतान और अनुशासनहीनता के मामलों पर पार्टी हाईकमान गंभीर है। बैठक में पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और वरिष्ठ नेताओं से प्राप्त फीडबैक के साथ-साथ भूपेश बघेल द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस नेतृत्व संगठन में अनुशासन बनाए रखने और आगामी चुनावों से पहले पार्टी को एकजुट करने की रणनीति पर विचार करेगा। जरूरत पड़ने पर असंतुष्ट नेताओं के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व, संगठन और भविष्य की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण फैसले सामने आने की संभावना है।
