
शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर में सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात नकाबपोश हमलावर ने चिकन शॉप संचालक रज्जन कहार (32) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल अनूपपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पल्सर मोटरसाइकिल से दुकान के समीप पहुंचा और पहले हवाई फायरिंग कर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैला दी। इस दौरान रज्जन कहार ने विरोध करते हुए उसे रोकने का प्रयास किया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने बेहद करीब से उसके सीने पर दो गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही रज्जन सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह बाइक से भागने में सफल रहा।
सूचना मिलते ही अमलाई थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों, परिचितों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फरार आरोपी की तलाश के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन अभियान चलाया जा रहा है।
