भोपाल। हमीदिया रोड स्थित एक फर्नीचर शोरूम और गोदाम में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। आग सुबह करीब 5:30 बजे भड़की और देखते ही देखते पूरे शोरूम व गोदाम में फैल गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में सोफा, बेड, अलमारी, डाइनिंग टेबल, टी-टेबल और अन्य फर्नीचर रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही फतेहगढ़, बोगदा पुल, कबाड़खाना, बैरागढ़ और गांधीनगर फायर स्टेशनों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगातार करीब 5 घंटे तक रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद सुबह 10:20 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। फायर फाइटर नौशाद अली के अनुसार आग बुझाने के लिए दमकल वाहनों के साथ पानी के टैंकरों की भी मदद ली गई। फिलहाल आग लगने की सटीक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
