सतना: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के ठेकेदारों का एक सप्ताह से चल रहा धरना-प्रदर्शन सोमवार को खत्म हो गया। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद ठेकेदारों ने आंदोलन वापस ले लिया। इस बीच पीएमजीएसवाई के महाप्रबंधक को 15 दिन के अवकाश पर भेज दिया गया है।
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी सोमवार को धरना स्थल पहुंचीं और ठेकेदारों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएंगी। पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे को कैबिनेट की अगली बैठक में भी उठाया जाएगा।
मंत्री के आश्वासन के बाद पीएमजीएसवाई संविदाकार संघ के अध्यक्ष अनिल सिंह ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों ने सरकार पर भरोसा जताते हुए आंदोलन स्थगित किया है। हालांकि, तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से पीएमजीएसवाई के ठेकेदार महाप्रबंधक पर भ्रष्टाचार और मनमानी के आरोप लगाकर आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि मांगें नहीं मानी गईं तो वे आगामी निविदाओं में हिस्सा नहीं लेंगे। इस आंदोलन को नगर निगम ठेकेदार संघ का भी समर्थन मिला था। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और सरकार की आगे की कार्रवाई पर है।
आरोपों की होगी जांच
धरना समाप्त होने के साथ ही पीएमजीएसवाई के महाप्रबंधक को 15 दिन के अवकाश पर भेज दिया गया। इस दौरान उनके खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों की जांच होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
