मोदी ने भौतिकी ओलंपियाड जीतने वाले भारतीय विद्यार्थियों को बधाई दी

नयी दिल्ली 13 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलंबिया के बुकारामंगा में आयोजित 56वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय दल के विद्यार्थियों कनिष्क जैन, रिद्धेश अनंत बेंडाले, ऋषित गर्ग, श्रेष्ठ सुरैया और स्वरित जोशी को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि देश की युवा शक्ति की असीमित क्षमता और विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति उनके जुनून का एक और उदाहरण है।

श्री मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारतीय छात्रों ने ओलंपियाड के विभिन्न संस्करणों में असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर कहा , ” हमारे युवाओं का शानदार प्रदर्शन! कोलंबिया के बुकारामंगा में आयोजित 56वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड 2026 में स्वर्ण पदक जीतने के लिए कनिष्क जैन, रिद्धेश अनंत बेंडाले, ऋषित गर्ग, श्रेष्ठ सुरैया और स्वरित जोशी के भारतीय दल को हार्दिक बधाई।

उनकी यह उपलब्धि हमारी युवा शक्ति की असीमित क्षमता और विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति उनके जुनून का एक और उदाहरण प्रस्तुत करती है। यह तथ्य भी उतना ही सराहनीय है कि पिछले दशक में हमारे छात्रों ने इस मंच के विभिन्न संस्करणों में असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है।” उल्लेखनीय है कि देश के युवा भौतिकी छात्रों ने चार से 12 जुलाई तक हुए 56वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक जीते हैं। इस उपलब्धि के साथ भारत ने चीन, कजाखस्तान, रूस, दक्षिण कोरिया और ताइवान के साथ संयुक्त रूप से विश्व में पहला स्थान हासिल किया। कुल 87 देशों के 381 प्रतिभागियों के बीच भारत का यह प्रदर्शन विज्ञान शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की बढ़ती प्रतिष्ठा का परिचायक माना जा रहा है।

.....

Next Post

भाजपा अदालतों के ज़रिए राजनीतिक लड़ाइयाँ लड़ती है: उमर

Mon Jul 13 , 2026
श्रीनगर, 13 जुलाई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है कि वह राजनीतिक लड़ाई राजनीतिक तरीके से लड़ने की बजाय अदालतों के जरिये लड़ना पसंद करती है। श्री अब्दुल्ला ने भाजपा की ओर से भेजे गये कानूनी नोटिस का जवाब […]

You May Like