डिंडोरी: जिले के चटुवा ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का स्लैब ढलाई के दौरान गिर गया। गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। घटना में एक मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गया, जबकि दो अन्य मजदूरों ने बल्ली से लटककर अपनी जान बचाई।घायल मजदूर को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही जनपद सीईओ ने मामले की जांच के लिए असिस्टेंट इंजीनियर को मौके पर भेजा है।
मजदूर प्रहलाद कोल ने बताया कि घटना के समय करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से तीन नीचे खड़े थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सेंटिंग में गड़बड़ी या मशीन की खराबी के कारण देखते ही देखते सेंटिंग प्लेट और बल्लियां भरभराकर गिर गईं।
इस दौरान गोकुल कोल मलबे में दब गया, जबकि मैकू नामक मजदूर लटककर बच गया। दबे हुए मजदूर को अन्य साथियों ने मिलकर बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि इंजीनियर मौके पर मौजूद थे लेकिन उन्होंने मदद नहीं की।
वहीं, इंजीनियर फिरोज खान ने आरोपों का खंडन करते हुए बताया कि स्लैब ढलाई का काम सुबह 11 बजे शुरू हुआ था और थोड़ा सा हिस्सा ही बचा था। उन्होंने कहा कि वे मौके पर ही मौजूद थे और अचानक सेंटिंग प्लेट व बल्लियां गिर गईं।
खान के अनुसार, घटना के तुरंत बाद काम बंद करवा दिया गया और घायल मजदूर को अस्पताल भिजवाया गया, जो प्राथमिक इलाज के बाद ठीक है। उन्होंने बताया कि असिस्टेंट इंजीनियर बी.एस. तिलगाम भी मौके का निरीक्षण करने जाएंगे और आवश्यक सुधार करवाए जाएंगे।
ग्रामीण प्रकाश चंदेल ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य वित्त आयोग से लगभग 24 लाख 99 हजार रुपए की लागत से यह सामुदायिक भवन 2025 में बनाया जाना है। ग्राम पंचायत ने यह काम ठेके पर दिया है। चंदेल ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार स्थानीय मजदूरों के बजाय दूसरे ग्राम पंचायतों से मजदूरों को लाकर काम करवा रहा है, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
