
सीहोर। जिले के आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर ग्राम मेना गोदी के पास सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार सभी नौ लोग राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के भियापुरा गांव के निवासी थे। वे अपने परिवार के एक मानसिक रूप से अस्वस्थ सदस्य का इलाज कराने आष्टा जा रहे थे। लेकिन इलाज की उम्मीद लेकर निकला यह सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। तीन लोग वाहन से उछलकर दूर जा गिरे, जबकि चालक सहित अन्य लोग वाहन में बुरी तरह फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही आष्टा थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। बोलेरो को काटकर घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। घायलों को पहले आष्टा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीहोर जिला अस्पताल और फिर भोपाल रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार बोलेरो में राजाराम, भगवान, इंदर सिंह, राधेश्याम, बनेसिंह, गुलाबचंद, हेमराज, देवीराम और चालक अमर सिंह सवार थे। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
आष्टा एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का प्रमुख कारण प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
